नई दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी जवाहरलाल नेहरू की जयंती मना रही है। इसके लिए पार्टी वर्षो से दिल्ली में तीन मूर्ति भवन पर एक व्याख्यान आयोजित करती थी, लेकिन अब यह सरकार इसकी अनुमति नहीं दे रही है। खड़गे ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही।
खड़गे ने अपने भाषण में कहा, “हमारे विचार सुनने का तो छोड़िए, ये सरकार हमें व्याख्यान के लिए जगह तक नहीं दे रही।” उन्होंने कहा कि “यह सरकार लोकतंत्र की सिर्फ बात करती है, लेकिन सरकार लोकतांत्रिक नहीं है। इनका सिर्फ एक ही डायलॉग है, भाइयों और बहनों इन्होंने 70 साल में क्या किया। ये सरकार डॉक्टर, इंजीनियर और खेती की सिंचाई के बारे में बात नहीं करती। काम के बारे में पूछेंगे तो इसका जवाब हम देंगे। आज तक जितने डैम हैं, सब नेहरू और उनकी दूरदृष्टि से ही बने हैं।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “हमारा काम बच्चों को दूध, खाना और किसान को पानी देना है। उनका काम है समाज को बांटो और राज करो। यही वजह है कि राहुल गांधी देश जोड़ने की पदयात्रा कर रहे हैं। सत्ताधारी लोग देश तोड़ रहे हैं और हम देश को जोड़ रहे हैं। अब पढ़े-लिखे लोग इनकी असलियत जान रहे हैं। भाजपा के लोग सुबह उठते ही सिर्फ कांग्रेस को गाली देना शुरू करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री कहते हैं, मैं रोज 4 किलो गालियां खाता हूं। ये लोगों में भ्रम पैदा कर रहे हैं, लेकिन अब लोग आज जागृत हो गए हैं।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरएसएस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी विचारधारा सिर्फ धर्म के नाम पर लोगों को बांटना है। उनके लोग बैंकों को लूटकर विदेश में बैठे हैं, उसकी कोई बात नहीं करता। अगर आंकड़ों को देखें तो हर सेक्टर में मिलाकर करीब 30 लाख पोस्ट खाली हैं। उसी में से प्रधानमंत्री 75 हजार का लेटर तैयार करते हैं। वो ये नहीं बताते कि उनके वादे के मुताबिक 8 साल में 16 करोड़ नौकरियां कहां गईं?
खड़गे ने अंत में कहा, “पंडित नेहरू प्लानिंग कमीशन लाए थे। अब इस सरकार ने उसका नाम बदल कर नीति आयोग कर दिया। उन्होंने सवाल किया कि जिसमें नीति ही नहीं है, वो क्या आयोग। पहले काम करो, तब नाम बदलो। नरेंद्र मोदी का प्रचार मीडिया बहुत बड़ा है, जो तोड़मरोड़ कर चीजें पेश करते हैं।”
