Blog

  • भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने वाराणसी के होटल में की खुदकुशी

    भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने वाराणसी के होटल में की खुदकुशी

    वाराणसी (उप्र), : भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने रविवार को वाराणसी के एक होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली। वह सारनाथ इलाके में अपने होटल के कमरे में लटकी मिली। वह एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी में थीं। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है।

    आकांक्षा का जन्म 21 अक्टूबर 1997 को मिजार्पुर, उत्तर प्रदेश में हुआ था। उन्हें छोटी उम्र से ही नृत्य और अभिनय का शौक था और इसलिए उन्होंने टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर अपने छोटे नृत्य और अभिनय वीडियो साझा कर अपने अभिनय करियर की शुरूआत की। शनिवार रात भी उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था।

    लगभग एक महीने पहले, अभिनेत्री तब चर्चा में आई जब उसने वेलेंटाइन डे पर अपने रिश्ते को इंस्टाग्राम पर बताया। उन्होंने को-स्टार समर सिंह के साथ तस्वीरें शेयर की थी। उन्होंने लिखा था, ‘हैप्पी वैलेंटाइन्स डे।’ पुलिस अधिकारियों ने इस घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

  • आईएसएसएफ विश्व कप : सिफ्ट कौर समरा ने 50 मीटर 3पी कांस्य जीता, भारत को मिले 7 पदक

    आईएसएसएफ विश्व कप : सिफ्ट कौर समरा ने 50 मीटर 3पी कांस्य जीता, भारत को मिले 7 पदक

    भोपाल : भारतीय निशानेबाज सिफ्ट कौर समरा ने मध्य प्रदेश के शूटिंग अकादमी रेंज में रविवार को हुए अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) राइफल/पिस्टल विश्व कप 2023 के अंतिम दिन महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन (3पी) स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। मेडिकल छात्रा सिफ्ट और महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन (3पी) में मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन ने शीर्ष आठ रैंकिंग राउंड में 403.9 स्कोर करने के बाद कांस्य जीता। यह उनका पहला व्यक्तिगत विश्व कप पदक था। चीन ने इसी दिन फिर से दो स्वर्ण जीते।

    चीन ने प्रतियोगिता में आठ स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि भारत एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य के साथ दूसरे और जर्मनी तीसरे स्थान पर रहा। महिला 3पी में दिन की पहली पदक स्पर्धा में चीन की झांग क्यूनग्यू ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में चेक गणराज्य की अनीता ब्राबकोवा को 16-8 से हराया।

    इससे पहले दिन में झांग ने 594 के स्कोर के साथ-साथ 414.7 के स्कोर के साथ रैंकिंग राउंड में शीर्ष स्थान हासिल किया था। 586 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर क्वालीफाई करने के बाद अनीता 411.3 के साथ रैंकिंग राउंड में दूसरे स्थान पर रही।

    सिफ्ट का पदक प्रतियोगिता में भारत का सातवां था और उन्होंने नई दिल्ली के बाहर आयोजित पहले आईएसएसएफ विश्व कप चरण को एक स्वर्ण (पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में सरबजोत सिंह द्वारा जीता), एक रजत और पांच कांस्य पदक के साथ समापन किया।

    मानिनी कौशिक क्वालीफिकेशन में मामूली अंतर से चूक गईं, 584 अंक के साथ नौवें स्थान पर रहीं, जबकि अंजुम मोदगिल 583 अंक के साथ कुल मिलाकर 13वें स्थान पर रहीं। मैदान में दो अन्य भारतीय, श्रियांका सदांगी और आशी चौकसे, जो केवल रैंकिंग अंक के लिए खेल रहे थे, ने क्रमश: 582 और 581 का स्कोर बनाया।

    दूसरी ओर, पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में एक स्टार-स्टडेड फील्ड था, जिसमें फ्रांस के मौजूदा ओलंपिक चैंपियन जीन क्विकैम्पोक्स और जर्मनी के रियो ओलंपिक चैंपियन क्रिश्चियन रिट्ज शामिल थे।

    दोनों ने क्वालिफिकेशन की बाधा पार की, लेकिन केवल क्रिश्चियन ने कांस्य पदक जीता। चीन के झांग जूमिंग ने 40-शॉट आठ-श्रृंखला पदक मैच में 35 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि टोक्यो ओलंपिक फाइनलिस्ट और काहिरा विश्व रजत पदक विजेता फ्रेंचमैन क्लेमेंट बेसागुएट ने 34 हिट के साथ रजत पदक जीता। क्रिस्टियन 21 हिट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

    भारत के विजयवीर सिद्धू भारतीयों के बीच रैंकिंग दौर के मैचों के लिए क्वालीफाई करने के सबसे करीब पहुंच गए, 581 की शूटिंग के साथ नौवें स्थान पर रहे। अनीश भानवाला 581 अंक के साथ 10वें स्थान पर रहे जबकि अंकुर गोयल 574 के साथ 14वें स्थान पर रहे। भावेश शेखावत ने 578 और मनदीप सिंह ने 575 अंक हासिल किए।

  • महिला विश्व मुक्केबाजी: निखत विजेता ने लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन का पहना ताज

    महिला विश्व मुक्केबाजी: निखत विजेता ने लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन का पहना ताज

    नई दिल्ली : निखत जरीन विश्व चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक अपने नाम करने वाली केवल दूसरी भारतीय महिला मुक्केबाज बन गई हैं। निखत ने रविवार को यहां इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के केडी जाधव हाल में आयोजित महिंद्रा आईबीए महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।

    अपने नाम के अनुरूप और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए निखत (50 किग्रा) ने दो बार की एशियाई चैंपियन वियतनाम की गुयेन थी टैम के खिलाफ अपने आक्रामक प्रदर्शन के साथ मुकाबले को आगे बढ़ाया और 5-0 से एकतरफा अंदाज में शानदार जीत हासिल करने में सफल रहीं। मौजूदा विश्व चैंपियन निखत ने शुरूआत से ही सटीक मुक्के मारकर और वियतनामी के हमलों को चकमा देने के लिए अपने तेज फुटवर्क का इस्तेमाल करके बाउट में अपना दबदबा कायम रखा।

    तेलंगाना निवासी निखत ने पहले राउंड में शानदार प्रदर्शन किया और 5-0 की स्कोरलाइन के साथ आगे रहीं। गुयेन ने हालांकि दूसरे राउंड में शानदार वापसी की और 3-2 स्कोरलाइन के साथ मुकाबले को रोचक बनाए रखा। अंतिम राउंड में निखत ने अपना संयम बनाए रखा और एक सनसनीखेज आक्रामक प्रदर्शन के साथ यह साबित कर दिया कि क्यों वह इस खेल में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक है। और इस तरह निखत सभी जजों को प्रभावित करते हुए एकतरफा अंदाज में जीत हासिल करने में सफल रहीं।

    इस जीत के साथ, निखत भारत की महान मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम की बराबरी पर आ गई हैं। मैरी कॉम ने भी विश्व चैंपियनशिप में लगातार दो स्वर्ण जीता है। मैरी ने हालांकि इस वैश्विक प्रतियोगिता में रिकॉर्ड छह स्वर्ण पदक जीते हैं।

    निखत ने दूसरा स्वर्ण पदक जीतने के बाद कहा, “मैं दूसरी बार विश्व चैंपियन बनकर बेहद खुश हूं, खासकर एक अलग वेट कटेगरी में। पूरे टूर्नामेंट में आज का मुकाबला मेरा सबसे कठिन मुकाबला था और चूंकि यह टूर्नामेंट का आखिरी मैच था इसलिए मैं अपनी ऊर्जा का पूरी तरह से उपयोग करना चाहती थी और सब कुछ रिंग में छोड़ देना चाहती थी। यह बाउट का एक रोलर कोस्टर था, जिसमें हम दोनों को चेतावनी के साथ-साथ आठ काउंट भी मिले और यह बहुत करीबी मुकाबला था। अंतिम राउंड में मेरी रणनीति थी कि मैं पूरी ताकत से आक्रमण करूं और जब विजेता के रूप में मेरा हाथ उठा तो मुझे बहुत खुशी हुई। यह पदक मेरे देश और उन सभी के लिए है जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में हमारा समर्थन और हमारी हौसला अफजाई की है।”

    इस साल के टूर्नामेंट के लिए फ्लाइवेट से लाइट फ्लाईवेट में शिफ्ट करने के बावजूद तेलंगाना की इस 26 वर्षीय मुक्केबाज ने अपने नए भार वर्ग में बहुत अच्छी तरह से एडजस्ट किया और पूरे टूर्नामेंट में उच्चतम स्तर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने उल्लेखनीय रूप से शीर्ष वरीयता प्राप्त अल्जीरिया की अफ्रीकी चैंपियन रौमेसा बौआलम, दो बार की विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता थाईलैंड की चुथमत रक्सत और रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता कोलंबिया की इंग्रिट वेलेंसिया के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन कर जीत हासिल की।

    निखत की जीत पर टिप्पणी करते हुए भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, “निखत को लगातार दूसरे वर्ष विश्व चैंपियन बनने पर बधाई। मुझे यकीन है कि वह देश भर की युवा लड़कियों के लिए देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का एक चमकदार उदाहरण बनेंगी। वह आने वाले वर्षों के लिए चैंपियन बनने जा रही है और हम निश्चित रूप से 2024 में यहां से ओलंपिक पदक की उम्मीद करते हुए दिखाई दे रहे हैं।”

    निखत की जीत के साथ भारत ने इस साल विश्व चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीत लिए हेँ। इससे पहले 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता नीतू घंघास (48 किग्रा) और तीन बार की एशियाई पदक विजेता स्वीटी बूरा (81 किग्रा) ने भी शनिवार को अपने देश के लिए स्वर्ण पदक जीता था।

    आज ही रात टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोर्गोहेन भारत के लिए चौथा स्वर्ण पदक जीतना चाहेंगी। वह दो बार की राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता ऑस्ट्रेलिया की कैटलिन पार्कर के खिलाफ फाइनल मुकाबले के लिए रिंग में उतरेंगी।

  • महिला विश्व मुक्केबाजी: निखत जरीन ने जीता दूसरा स्वर्ण

    महिला विश्व मुक्केबाजी: निखत जरीन ने जीता दूसरा स्वर्ण

    नई दिल्ली : भारत की मुक्केबाजी स्टार निखत जरीन ने विएतनाम की एनगुएन थी ताम को रविवार को 5-0 से हराकर अपना दूसरा विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण पदक जीत लिया।

    निखत ने आक्रामक अंदाज में मुकाबले की शुरूआत की और थी ताम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। निखत ने पहला राउंड 5-0 से जीता। दूसरा राउंड भी भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में गया।

    तीसरा राउंड मुश्किल था। थी ताम ने अपना पूरा जोर लगाया। लेकिन जब निखत ने थी ताम के चेहरे पर पंच लगाया तो वियतनामी मुक्केबाज को काउंटिंग से गुजरना पड़ा। थी ताम ने निखत के चेहरे पर एक पंच लगाया जिससे पूरा स्टेडियम स्तब्ध रह गया।  रेफरी ने निखत के लिए काउंट गिना। लेकिन मैच जारी रहा और निखत विजेता बन कर उभरीं।

  • नीरज चोपड़ा ने बेंगलुरु के स्कूल में अचानक पहुंच कर बच्चों को चौंकाया

    नीरज चोपड़ा ने बेंगलुरु के स्कूल में अचानक पहुंच कर बच्चों को चौंकाया

    बेंगलुरू | बेंगलुरू के एक स्कूल के बच्चे तब हैरान रह गए, जब ट्रैक एंड फील्ड में भारत के पहले ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा अचानक पहुंच गए। ट्रेनिंग के बीच भारत लौटे चोपड़ा शनिवार को येलहंका के विश्व विद्यापीठ पहुंचे और छोटे बच्चों के साथ समय बिताया, जो स्कूल के खेल कार्यक्रम का हिस्सा है।

    मीडिया विज्ञप्ति में नीरज के हवाले से कहा गया, जब भी मैं छोटे बच्चों के चेहरे पर मुस्कान ला पाता हूं तो मुझे बहुत खुशी होती है और यह और भी खास था क्योंकि वे मेरे वहां होने की उम्मीद नहीं कर रहे थे।

    उन्होंने कहा, मेरे पास बेंगलुरु पहुंचने और एक कार्यक्रम में जाने के बीच कुछ समय था और मुझे खुशी है कि मैं इसका सबसे अच्छा उपयोग कर सका। मुझे उम्मीद है कि मुझसे मिलने से उन्हें युवा एथलीटों के रूप में अपनी यात्रा में प्रेरणा मिलेगी।

    चोपड़ा, जो बेल्लारी में इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट का दौरा करने के लिए भी तैयार हैं, ने छोटे बच्चों से बात करने, ऑटोग्राफ पर हस्ताक्षर करने और अपने ओलंपिक स्वर्ण जीतने की उपलब्धि को याद करने में समय बिताया।

    दिन का सबसे खास क्षण तब आया, जब 30 से अधिक बच्चे चोपड़ा के साथ टोक्यो ओलंपिक खेलों में उनके पदक समारोह में बजाए गए राष्ट्रगान को फिर से जीवंत करने में शामिल हुए।

  • बेली हाथी के बच्चे रघु के पालन-पोषण को लेकर क्यों आशंकित थी

    बेली हाथी के बच्चे रघु के पालन-पोषण को लेकर क्यों आशंकित थी

    मुंबई | ऑस्कर विजेता डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘द एलिफेंट व्हिस्पर्स’ में हाथी के बच्चे रघु को पालने वाली महिला बेली ने कहा है कि वह पहले यह जिम्मेदारी निभाने को लेकर आशंकित थी। बेली और बोम्मन को हाल ही में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने सम्मानित किया है।

    ऑस्कर समारोह के बाद जश्न मनाए जाने के दौरान मीडिया से बात करते हुए बेली ने तमिल में कहा : “मैं वास्तव में पहले रघु को पालने को लेकर आशंकित थी, क्योंकि मुझे पता था कि एक दिन रघु को जंगल में जाना होगा, जो उसकी दुनिया है।”

    उसने कहा, “किसी भी बच्चे को मां से दूर ले जाना ऐसा दर्दनाक अनुभव है, जिसका वर्णन करने के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे। जब मुझे पता चला कि रघु की मां की मौत हो गई है, तब मैं उसके साथ रहने के लिए मना नहीं कर सकी। एक सुंदर बच्चे को पालने से आप कैसे मना कर सकते हैं?” ‘द एलिफेंट व्हिस्पर्स’ की स्ट्रीमिंग नेटफ्लिक्स पर हो रही है।

  • मेरा किरदार ‘जब वी मेट’ में करीना कपूर के किरदार जैसा है : दीपिका अग्रवाल

    मेरा किरदार ‘जब वी मेट’ में करीना कपूर के किरदार जैसा है : दीपिका अग्रवाल

    मुंबई : ‘साथ निभाना साथिया 2’ की अभिनेत्री दीपिका अग्रवाल ने अपनी आने वाली पंजाबी फिल्म ‘ऊंचा दर बाबे नानक दा’ में ‘जब वी मेट’ में बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर द्वारा अभिनीत गीत जैसा ही किरदार निभाने के बारे में बात की।

    जिमी शेरगिल के साथ एक पंजाबी फिल्म मिलने के बारे में जानकारी देते हुए दीपिका ने कहा, मैं इतने प्रतिभाशाली अभिनेताओं के साथ काम करने और इस अमेजिंग प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का अवसर पाकर बेहद धन्य महसूस कर रही हूं। फिल्म की शूटिंग कनाडा और जालंधर के खूबसूरत लोकेशंस पर होने वाली है। ‘जब वी मेट’ में करीना कपूर के किरदार जैसी भूमिका निभाना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है।

    अभिनेत्री ने कहा कि मैं अपने प्रशंसकों से मिले प्यार और समर्थन के लिए आभारी हूं, और इस किरदार के साथ न्याय करने की उम्मीद करती हूं। दीपिका इससे पहले ‘साथ निभाना साथिया 2’ में नजर आ चुकी हैं, जहां उन्होंने एक फैशन डिजाइनर की भूमिका निभाई थी। दीपिका ने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में फिल्म ‘जी वाइफ की मूवी’ से डेब्यू किया था। वह कई अन्य टीवी शो और फिल्मों में भी दिखाई दी हैं।

  • कंगना ने जन्मदिन पर जारी की भावनात्मक पोस्ट

    कंगना ने जन्मदिन पर जारी की भावनात्मक पोस्ट

    मुंबई : अभिनेत्री कंगना रनौत गुरुवार को 36 साल की हो गईं और उन्होंने उन लोगों से माफी मांगी, जिन्हें उन्होंने जाने अनजाने में ठेस पहुंचाई है और यहां तक कि अपने प्रशंसकों और फॉलोअर्स के लिए एक संदेश भी साझा किया। कंगना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जहां वे हरे रंग की साड़ी पहने और बालों को पीछे की ओर बांधे हुए शाही अंदाज में दिख रही हैं।

    ‘धाकड़’ अभिनेत्री ने सबसे पहले अपनी मां, पिता और अपने गुरुओं (सद्गुरु और स्वामी विवेकानंद) को उनकी शिक्षाओं के लिए धन्यवाद दिया। वह फिर अपने ‘शत्रु’ से बात करने लगी।

    उन्हें यह कहते हुए सुना गया, मेरे शत्रु, जिन्होंने आजतक मुझे कभी आराम नहीं करने दिया। चाहे जितनी भी सफलता मिली, फिर भी मुझे सफलता के मार्ग पे तत्पर रखा। मुझे लड़ना, संघर्ष करना सिखाया। उनकी भी मैं हमेशा आभारी रहूंगी।

    उन्होंने आगे कहा, दोस्तों मेरी विचारधारा बहुत सरल है, मेरी सोच भी बहुत सरल है और मैं हमेशा ही सबका अच्छा चाहती हूं। इसके चलते अगर मैंने कभी किसी के लिए देश में या बड़ी तस्वीर के लिए किसी के लिए कुछ कहा हो और उनको उसका दुख हुआ हो, मैं उसके लिए भी क्षमा चाहती हूं।

    उन्होंने कहा कि, उनके पास केवल स्नेह और अच्छे विचार हैं। काम के मोर्चे पर, कंगना ने हाल ही में ‘चंद्रमुखी 2’ की शूटिंग पूरी की है। उनके पास ‘इमरजेंसी’, ‘तेजस’, ‘मणिकर्णिका रिटन्सर्: द लीजेंड ऑफ दिद्दा’ और ‘द अवतार: सीता’ भी हैं।

  • ‘यह 7वां मामला है जिसमें राहुल गांधी जमानत पर बाहर हैं’

    ‘यह 7वां मामला है जिसमें राहुल गांधी जमानत पर बाहर हैं’

    नई दिल्ली :  कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अप्रैल 2019 में उनकी कथित ‘मोदी सरनेम’ टिप्पणी पर उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने और दो साल की सजा सुनाए जाने के बाद गुजरात की सूरत जिला अदालत ने गुरुवार को जमानत दे दी। सूत्रों के मुताबिक, यह 7वां मामला है जिसमें गांधी जमानत पर बाहर हैं। राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में भी जमानत पर बाहर हैं। राहुल गांधी को उनकी मां सोनिया गांधी के साथ दिसंबर 2015 में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा चलाए गए मामले में 50,000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी गई थी।

    6 जुलाई 2019 को राहुल गांधी को पटना की एक अदालत ने मानहानि के एक अन्य मामले में जमानत दे दी थी। यह मामला भाजपा के एक नेता द्वारा सभी मोदी चोर हैं कहने वाली टिप्पणी के लिए दायर किया गया था।

    12 जुलाई, 2019 को गांधी को अहमदाबाद की एक अदालत ने मानहानि के मामले में जमानत दे दी थी। यह मामला अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक द्वारा उस समय दायर कराया गया था जब गांधी ने आरोप लगाया था कि बैंक नोटबंदी के दौरान बैंक नोटों की अदला-बदली के घोटाले में शामिल था।

    4 जुलाई, 2019 को राहुल को आरएसएस कार्यकर्ता द्वारा दायर मानहानि के मामले में मुंबई की एक अदालत ने जमानत दे दी थी। कार्यकर्ता गौरी लंकेश की हत्या को बीजेपी-आरएसएस विचारधारा से जोड़ने वाली उनकी टिप्पणी के लिए यह मामला दायर किया गया था। कोर्ट ने राहुल गांधी को जमानत 15 हजार रुपए के मुचलके पर दी थी।

    नवंबर 2016 में, महाराष्ट्र की भिवंडी अदालत ने आरएसएस के एक अन्य कार्यकर्ता द्वारा दायर एक अन्य मामले में गांधी को जमानत दे दी थी। राहुल गांधी ने कहा था कि आरएसएस ने महात्मा गांधी की हत्या की है। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट ने भी राहुल को ऐसी टिप्पणियों के लिए फटकार लगाई थी, और फैसला सुनाया था कि उन्हें मुकदमे का सामना करना होगा और अदालत में अपनी बात साबित करनी होगी।

    गुवाहाटी अदालत ने आरएसएस द्वारा दायर एक और मानहानि मामले में राहुल गांधी को जमानत दी थी। राहुल को सितंबर 2016 में 50,000 रुपये के मुचलके पर जमानत दी गई थी। राहुल के झूठ बोलने के बाद मामला दायर किया गया था कि उन्हें आरएसएस द्वारा दिसंबर 2015 में असम के बारपेटा सत्र में प्रवेश करने से रोका गया था।

  • कश्मीर की युवती ने पवित्र कुरान को हिफ्ज करके लिखा

    कश्मीर की युवती ने पवित्र कुरान को हिफ्ज करके लिखा

    श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले की सलीमा नाम की एक छोटी बच्ची ने अपने हाथ से पवित्र कुरान लिखकर जिले को गौरवान्वित किया है। सलीमा ने कुरान को इतनी खूबसूरत लिखावट में लिखा है कि ऐसा लगता है जैसे किसी कंप्यूटर से लिखा गया हो।

    सलीमा ने कुछ ही महीनों में अपने हाथ से पवित्र कुरान लिखकर मिसाल पेश की है। सलीमा कहती हैं कि मेरे दादा और दादी की इच्छा थी कि परिवार के सभी लड़के और लड़कियां पवित्र कुरान का अध्ययन करें और इसे बेहतर तरीके से पढ़ना और लिखना सीखें।

    घर में धार्मिक माहौल होने के कारण मेरा पवित्र कुरान से एक खास रिश्ता विकसित हो गया और कुरान लिखने का जुनून भी पैदा हो गया। मैंने 5 नवंबर 2022 को पवित्र कुरान लिखना शुरू किया और आज मैंने इसे पूरा करके एक अच्छा काम किया है।

    सलीमा ने कहा कि मैं ग्रेजुएशन कर रही हूं। मैं रोज सुबह और शाम को काम खत्म करने के बाद पवित्र कुरान लिखती थी। इस दौरान माता-पिता और परिवार के सभी सदस्यों का भरपूर सहयोग रहा है।

    पवित्र कुरान लिखते समय मुझे जो कुछ भी चाहिए था, वह सभी आवश्यक चीजें प्रदान की गईं। मुझे पहले क्षेत्र के कई मौलवी साहबों द्वारा पवित्र कुरान पढ़ना सिखाया गया।

    सलीमा कहती हैं कि पहले मैंने कुरान को कंठस्थ (हिफ्ज) किया और फिर उसके बाद मैंने हाथ से कुरान लिखना शुरू किया और आखिरकार करीब चार महीने की छोटी सी अवधि में मैं इस काम को पूरा कर पाई। उसने कहा मुझे बहुत खुशी महसूस हो रही है।

    स्थानीय लोगों ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारे क्षेत्र में ऐसी धार्मिक बेटी ने जन्म लिया और एक महान कार्य करके उसने क्षेत्र के साथ-साथ हमारे गुर्जर वर्ग का भी नाम रोशन किया है, जिसके लिए हमें गर्व है। हम महसूस करते हैं और हम आशा करते हैं कि सरकार ऐसी लड़कियों को प्रोत्साहित करेगी।